चंडीगढ़ (The News Air) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की सेक्टर 2 स्थित कोठी से कुछ दूरी पर राजिंदरा पार्क में एक बम शैल मिला है। बम शैल मिलने वाली जगह से कुछ ही देरी पर हैलिपेड है, जहां पंजाब के CM का हेलिकॉप्टर लैंड करता है। बम मिलने की सूचना से चारों तरफ खलबली मच गई।
चंडीगढ़ पुलिस की टीमें, बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड मौके पर बुलाया गया। बम को चारों तरफ से कवर कर दिया गया है। वहीं चंडीमंदिर में आर्मी को इसकी जानकारी दे दी गई है। आर्मी की बम डिस्पोजल टीमें यहां पहुंचने वाली हैं।
100 नंबर पर पुलिस को दी जानकारी
जानकारी के मुताबिक राजिंदरा पार्क में आम के बाग में यह बम शैल पड़ा हुआ था। यह क्षेत्र UT के अधिकार क्षेत्र में आता है। दोपहर के वक्त कोई राहगीर यहां गया था। उसने बम जैसी कोई चीज देखी। जिसकी सूचना उसने तुरंत 100 नंबर पर पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एरिया DSP भी मौके पर पहुंच गए। वहीं चंडीगढ़ प्रशासन की डिजॉस्टर मैनेजमेंट टीम भी यहां पहुंच गई।
चारों तरफ सेंड बैग रखे
वहीं स्थिति से निपटने के लिए सेक्टर 11 फायर स्टेशन से स्टेशन इंचार्ज अमरजीत सिंह भी पहुंचे। जानकारी के मुताबिक बम शैल एक्टिव था। बम को पूरी सावधानी के साथ फायबर के ड्रम में रख दिया गया है। वहीं इसके चारों तरफ सेंड बैग रख दिए गए हैं। चंडी मंदिर आर्मी को इसकी जानकारी दे दी गई है। वहीं कुछ जवान सुरक्षा के लिए यहां तैनात किए गए हैं।
पूरे इलाका सील किया गया
बम मिलने की सूचना के बाद पुलिस के सीनियर अफसर वहां पहुंच गए। जिसके बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। बम पर आगे की कार्रवाई के लिए आर्मी के आने का इंतजार किया जा रहा है।