The News Air- (नई दिल्ली) पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा और उसके सहयोगी दलों में सीटों का बँटवारा हो गया है। सोमवार को पार्टी मुख्यालय में गठबंधन के नेताओं ने संयुक्त रूप प्रेस कॉन्फ्रेंस की और सीटों के संबंध में जानकारी दी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बताया कि पंजाब में भाजपा 65 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। जबकि कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस 37 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और सुखदेव सिंह ढींढसा की पार्टी संयुक्त अकाली दल 15 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
यह भी पढ़ें- सिद्धू का दावा- AAP ने किया CM Face Scam, बोले- पंजाब को मूर्ख..
नड्डा का कहना था कि पंजाब में हम NDA गठबंधन के तहत चुनाव लड़ रहे हैं। पंजाब में एनडीए गठबंधन जो हुआ है उसमें भाजपा, पंजाब लोक कांग्रेस और संयुक्त अकाली दल-ढिंढसा है। हम सब मिलकर पंजाब विधानसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। बता दें कि बीजेपी पहली बार 65 सीटों पर चुनाव लड़ने जा रही है। इससे पहले अकाली दल के साथ गठबंधन में भाजपा शहरी सीटों पर और मज़बूत वोट बैंक वाली सीटों पर ही उम्मीदवार उतारती थी।
एनडीए सरकार ज़ीरो टॉलरेंस पर काम करेगी: नड्डा
नड्डा का कहना था कि एनडीए की पंजाब में सरकार आई तो आतंकवाद पर ज़ीरो टॉलरेंस नीति पर काम करेंगे। हमारे लिए पंजाब एक बॉर्डर स्टेट है और उसके साथ-साथ देश की सुरक्षा से जुड़ा हुआ राज्य है। देश की सुरक्षा के लिए पंजाब का मज़बूत रहना और वहाँ एक मज़बूत सरकार बनना देश और प्रदेश दोनों के लिए आवश्यक है। पाकिस्तान की हरकतें हमारे देश के लिए कैसी रही हैं, ये हमें मालूम है। हमने वहाँ पर देखा है कि ड्रग्स की और हथियारों की स्मगलिंग का प्रयास वहाँ होता रहता है।
यह भी पढ़ें- कांग्रेस CEC की बैठक होगी आज, 31 उम्मीदवारों पर सहमति के लिए..
पंजाब में माफ़िया राज़ ख़त्म करेंगे
नड्डा ने कहा कि पंजाब पर विशेष ध्यान देने की ज़रूरत है। सुरक्षा एक बहुत छोटा सा मुद्दा है। ये चुनाव स्थिरता और सुरक्षा के लिए है। पंजाब को पटरी पर लाना हमारा मक़सद है। 1984 के दंगों की जांच के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एसआईटी का गठन किया है और आज आरोपी जेलों में हैं। हम पंजाब में ‘माफ़िया राज़’ ख़त्म करेंगे।
देश की एकता-अखंडता के लिए साथ आए हैं: कैप्टन
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि आज हमारे लिए ख़ुशी का दिन है कि हम पंजाब में भाजपा के सहयोगी हैं। कई बार राजनीतिक मतभेद हो जाते हैं। लेकिन बाद में चीज़ें ठीक हो ज़ाती हैं। हम देश की एकता, अखंडता और आतंकवाद से निपटने के लिए एक साथ आए हैं। पंजाब का 600 किलोमीटर एरिया पाकिस्तान के साथ मिलता है।