The News Air- आम आदमी पार्टी के सीएम चेहरा भगवंत मान संगरूर की धूरी सीट से चुनाव लड़ेंगे। इसके बारे में फ़ैसला हो चुका है। आज दोपहर बाद तक इसका ऐलान भी कर दिया जाएगा। भगवंत मान अभी संगरूर से सांसद हैं। धूरी विधानसभा सीट भी उनके संसदीय क्षेत्र में आती है। अभी तक यहां से कांग्रेस की तरफ़ से दलबीर गोल्डी और अकाली-बसपा गठजोड़ से प्रकाश चंद गर्ग उम्मीदवार हैं। भाजपा और कैप्टन अमरिंदर सिंह के गठजोड़ ने अभी यहां से उम्मीदवार का ऐलान नहीं किया है।
जनता की राय से चुने गए भगवंत
आम आदमी पार्टी ने भगवंत मान को पंजाब चुनाव में सीएम का चेहरा बनाया है। आप ने इसके लिए एक मोबाइल नंबर जारी किया है। जिसके बाद आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि क़रीब 22 लाख लोगों ने इस पर अपनी राय दी। जिसमें से 93% लोगों ने भगवंत मान को सीएम कैंडिडेट बनाने का सुझाव दिया। इस रायशुमारी में पंजाब कांग्रेस के प्रधान नवजोत सिद्धू को सिर्फ़ 3.6% लोगों ने चुना।
2 विधानसभा चुनाव हार चुके हैं भगवंत
भगवंत मान दूसरी बार पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। सफल पंजाबी कॉमेडियन रहे भगवंत मान ने 2011 में राजनीति में क़दम रखा था। वह मनप्रीत बादल की पंजाब पीपुल्स पार्टी में शामिल हुए। उन्होंने 2012 में लेहरागागा से चुनाव लड़ा लेकिन हार गए। इसके बाद 2014 में वह आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। जिसके बाद वह लोकसभा चुनाव जीतने में कामयाब रहे। इसके बाद 2019 में लगातार दूसरी बार वह सांसद चुने गए। इसके बाद वह 2017 में जलालाबाद से अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल के ख़िलाफ़ लड़े लेकिन हार गए।