चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी (AAP) को चुनाव से पहले पंजाब में बड़ा झटका लगा है। बठिंडा से विधायक रूपिंदर रूबी ने मंगलवार आधी रात को इस्तीफ़ा दे दिया। उन्होंने ट्विटर पर पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को टैग कर कहा कि मैं आपकी पार्टी छोड़ रही हूं। इसमें उन्होंने संगरूर से सांसद भगवंत मान को भी टैग किया है।
यह इस्तीफ़ा ऐसे मौक़े पर आया है, जब केजरीवाल पंजाब चुनाव को लेकर ताबड़तोड़ दौरे कर रहे हैं। उधर, आप नेता हरपाल चीमा ने कहा कि रूबी को इस बार टिकट नहीं मिलनी थी, इसलिए पार्टी छोड़ गई।
सूत्रों की मानें तो विधायक रूबी कांग्रेस में शामिल हो सकती हैं। मंगलवार देर रात इस्तीफ़ा देने से पहले उन्होंने CM चरणजीत चन्नी, पंजाब कांग्रेस के प्रधान नवजोत सिद्धू और कांग्रेस इंचार्ज हरीश चौधरी से मुलाक़ात की थी। सारी बातचीत होने के बाद ही उन्होंने रात को सोशल मीडिया पर अपना इस्तीफ़ा पोस्ट कर दिया।
मान को CM चेहरे के बहाने केजरीवाल पर साधा था निशाना
बठिंडा देहाती से विधायक रूबी भगवंत मान को लेकर चर्चा में रहीं। वह लगातार संगरूर से सांसद भगवंत मान को CM चेहरा घोषित करने की मांग करती रहीं। सूत्रों की मानें तो उनकी इसी खुली बयानबाज़ी की वजह से पार्टी भी नाराज़ चल रही थी।
रूबी ने यहां तक कह दिया था कि अगर भगवंत मान नहीं तो फिर अरविंद केजरीवाल ही पंजाब में सीएम चेहरा बचते हैं। भगवंत मान भी पार्टी की देरी की वजह से नाराज़ चल रहे हैं। पिछली बार विरोधियों ने किसी बाहरी को CM बनाने का मुद्दा भुनाकर आप के ख़िलाफ़ माहौल खड़ा कर दिया था।
गवर्नर के रेस्ट हाउस में आधे घंटे हुई थी मुलाक़ात
रूबी मंगलवार दोपहर क़रीब ढाई बजे चंडीगढ़ पहुँची थीं। यहां तब कैबिनेट की मीटिंग से पहले सीएम चन्नी और सिद्धू की मीटिंग चल रही थी। जिसमें पंजाब इंचार्ज हरीश चौधरी भी शामिल थे। वहीं, रूबी की क़रीब आधा घंटा मुलाक़ात हुई। उसके बाद से ही लग रहा था कि मौजूदा विधायक होने की वजह से टिकट कन्फर्म होने के बाद उन्होंने वापस आकर अपना इस्तीफ़ा दे दिया।
पहले भी 5 MLA छोड़ चुके पार्टी
रूबी आम आदमी पार्टी छोड़ने वाली छठवीं विधायक हैं। इससे पहले आम आदमी पार्टी को छोड़कर सुखपाल सिंह खैहरा, पिरमल सिंह ख़ालसा और जगदेव सिंह कमालू कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। जैतों से विधायक बलदेव सिंह और एचएस फुलका ने विधायक पद से इस्तीफ़ा दे दिया था।
आप नेता चीमा ने कहा, इस बार टिकट नहीं मिलनी थी
रूबी के इस्तीफ़े पर आम आदमी पार्टी की प्रतिक्रिया आ गई है। विधानसभा में विपक्षी दल के नेता हरपाल चीमा ने कहा कि रूपिंदर रूबी को आप से टिकट मिलने के चांस नहीं थे। वह उनकी छोटी बहन है और जहां भी जाए, ख़ुश रहे। उन्होंने कहा कि टिकट की वजह से वह कांग्रेस जॉइन कर रही हैं। उन्होंने कांग्रेस को गुज़ारिश की कि रूबी के साथ धोखा न करें और बठिंडा देहाती से टिकट जरुर दें।