The News Air- शहीद ए आज़म भगत सिंह की जन्मतिथि न बता पाने पर कांग्रेस MLA अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग बुरे फंस गए हैं। पंजाब विधानसभा में CM भगवंत मान ने उन्हें घेरा। इसके बाद वड़िंग ने अरविंद केजरीवाल के 6 साल पुराने ट्वीट के बहाने मान को घेरना चाहा। यह देख फॉलोअर्स ने वड़िंग का पिछले साल 28 सितंबर 2021 का ट्वीट निकाल लिया। जिसमें उन्होंने शहीद भगत सिंह के जन्मदिन पर मंत्री पद संभालने की बात लिखी है। अब ट्विटर यूजर्स वड़िंग को कह रहे हैं कि CM भगवंत मान सही हैं। शहीद भगत सिंह का जन्मदिन 28 सितंबर को ही होता है। यही बात आपने भी ट्वीट की थी।
छुट्टी का विरोध कर रहे थे वड़िंग, CM मान ने पूछा तो जन्मदिन नहीं बता सके
कल पंजाब विधानसभा में CM भगवंत मान ने आज यानी 23 मार्च को सरकारी छुट्टी की घोषणा की। विपक्षी दल कांग्रेस के विधायक राजा वड़िंग ने इसका विरोध किया। वड़िंग ने कहा कि इसकी जगह लोगों को भगत सिंह के बारे में जागरूक करने के कार्यक्रम करने चाहिए। यह सुनकर CM ने वड़िंग को पूछ लिया कि शहीद भगत सिंह का जन्म कब हुआ। वड़िंग चुप हो गए और कुछ नहीं बता सके। जिसके बाद CM ने कहा कि 28 सितंबर को होता है।
किरकिरी हुई तो केजरीवाल का ट्वीट निकाला
विधानसभा की कार्रवाई लाइव चल रही थी। वड़िंग को शहीद भगत सिंह का जन्मदिन पता न होने की सुर्ख़ियाँ बनने लगी। वहाँ से लौटकर वड़िंग ने अरविंद केजरीवाल का 27 नवंबर 2016 का ट्वीट निकाला। जिसमें केजरीवाल ने लिखा कि आज भगत सिंह की बर्थ एनिवर्सरी है। राजा वड़िंग ने CM भगवंत मान से पूछा कि आप 28 बता रहे हो और अरविंद केजरीवाल 27 सितंबर। दोनों में से कौन सही है।
फॉलोअर बोले- 27 या 28 में से कोई एक बता देते
ट्विटर पर राजा वड़िंग को फॉलोअर ने ख़ूब घेरा। उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह की जन्म तिथि को लेकर यह मामला काफ़ी समय से चल रहा है। वड़िंग चाहे तो 27 सितंबर या 28 सितंबर में से कोई एक तारीख़ ही बता देते।