अजित पवार की बड़ी जीत : महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष के फैसले से अजित पवार गुट को बड़ी जीत हासिल हुई है। चुनाव आयोग अजित पवार गुट को पहले असली एनसीपी बता चुका है। नार्वेकर ने मोटेतौर पर एनसीपी विधायकों की अयोग्यता का फैसला शिवसेना की तर्ज पर ही सुनाया। राहुल नार्वेकर ने फैसला सुनाने से पहले कहा कि पहले हमें यह तय करना होगा कि मूल पार्टी कौन है। इसके बाद नार्वेकर ने सबसे पहले पार्टी का फैसला पढ़ा। इसमें उन्हाेंने कई मुद्दे उठाए।
अजित के पास 41 विधायक हैं : नार्वेकर ने देखा कि एनसीपी पार्टी में विभाजन के बाद क्या हुआ? इसके बाद उन्होंने कहा कि विधानमंडल दल के सदस्यों की संख्या पर नजर डालें तो उपमुख्यमंत्री अजित पवार के गुट के पास 41 विधायकों का समर्थन है। नार्वेकर ने कहा कि पार्टी संरचना को देखते हुए पहली नजर में यह नहीं कहा जा सकता कि कौन सा समूह राजनीतिक दल का प्रतिनिधित्व करता है, लेकिन विधायक समूह के समर्थन को देखते हुए अजीत पवार समूह एकमात्र राजनीतिक दल प्रतीत होता है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा इस आधार पर अजित पवार का समूह ही एनसीपी की मूल पार्टी है।








