The News Air- (चंडीगढ़) पंजाब में कोरोना संक्रमण बहुत तेज़ी के साथ फैल रहा है। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और मंत्री राणा गुरजीत सिंह के घर पर दस्तक देने के बाद अब ट्रांसपोर्ट मंत्री राजा वड़िंग को भी कोरोना ने अपनी चपेट में ले लिया है। ट्रांसपोर्ट मंत्री अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की आरटीपीसीआर रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
हालांकि स्वयं राजा वड़िंग ने इस बारे में कोई खुलासा नहीं किया है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सेहत में कुछ गड़बड़ी के चलते ट्रांसपोर्ट मंत्री के कोरोना टेस्ट लेकर लैब में जांच के लिए भेजे गए थे, जिनका आज रिजल्ट आ गया है और उनकी रिपोर्ट पाजिटिव आई है।
फ़िलहाल राजा वड़िंग ने ख़ुद को अपने घर में ही आइसोलेट किया हुआ है। वह किसी के साथ भी मिल नहीं रहे हैं। लेकिन हमेशा सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाले और जहां पर भी वह जाते हैं वहाँ का वीडियो अपनी फेसबुक वॉल पर पोस्ट करने वाले राजा वड़िंग ने अपनी तरफ़ से इसकी अभी तक कोई जानकारी नहीं दी है।
बता दें कि अभी तीन दिन पहले कपूरथला से विधायक और मंत्री राणा गुरजीत सिंह की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। उनकी सेहत ठीक न होने पर उनके टेस्ट लिए गए थे और वे पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद उन्होंने अपने कपूरथला स्थित घर पर ख़ुद को आइसोलेट कर लिया था। उनके दफ़्तर में स्टाफ़ के स्वास्थ्य विभाग ने सैंपल लिए थे।