The News Air- भ्रष्टाचार पर नकेल कसने के लिए पंजाब की आम आदमी सरकार एक्शन मोड में आ गई है। शहीद भगत सिंह के शहीदी दिवस पर सूबे के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के हेल्पलाइन नंबर जारी करते ही पहली शिकायत जालंधर की दर्ज़ हुई। विजिलेंस ने शिकायत सीधे मुख्यमंत्री के पास भेजी और मुख्यमंत्री ने तुरंत प्रभाव से शिकायत के आधार पर मामला दर्ज़ करने के आदेश दिए।
पहला मामला जालंधर तहसील में एक महिला क्लर्क पर दर्ज़ हुआ है। महिला क्लर्क ने किसी व्यक्ति से नौकरी लगवाने के नाम पर 4.80 लाख रुपए की ठगी की थी। पिछली कांग्रेस सरकार के शासन में भी ठगी के शिकार हुए व्यक्ति ने काफ़ी शिकायतें ठग महिला क्लर्क के ख़िलाफ़ की थीं। पहुंच के कारण महिला पर कोई एक्शन नहीं हुआ और यह महिला क्लर्क पीड़ित को पैसे मांगने पर डराती धमकाती थी।
अब भगवंत मान सरकार के सत्ता में आने के बाद महिला के ख़िलाफ़ एक्शन हुआ है। पीड़ित ने हेल्पलाइन नंबर जारी होते ही अपनी शिकायत विजिलेंस के पास दर्ज़ करवाई थी। शिकायत पर तुरंत कार्रवाई हुई है और मुख्यमंत्री के आदेश पर महिला क्लर्क मीनू को गिरफ़्तार कर लिया है। मीनू के ख़िलाफ़ ठगी के साथ-साथ भ्रष्टाचार का मामला भी दर्ज़ किया गया है।
सात महीने की गर्भवती है महिला
पुलिस ने मुख्यमंत्री के आदेश पर ठगी करने वाली जिस महिला क्लर्क को गिरफ़्तार किया है वह गर्भवती है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार 35 साल की मीनू को गिरफ़्तारी के बाद गर्भावस्था को देखते हुए थाने में नहीं रखा गया है। उसे चिकित्सकों का निगरानी में सिविल अस्पताल जालंधर में ही रखा गया है। विजिलेंस टीम अस्पताल में ही चिकित्सकों की निगरानी में फ़िलहाल उससे पूछताछ करेगी।