The News Air- चंडीगढ़ में पहली बार ही धमाकेदार एंट्री करने वाली आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आप के पंजाब सह प्रभारी राघव चड्ढा ने कहा कि हमारे 3 पार्षदों को ख़रीदने की कोशिश की गई। इनमें 2 पार्षदों को 50 लाख और एक को 75 लाख की ऑफर की गई। यह ऑफर भाजपा के सीनियर नेता ने दिया।
चड्ढा ने कहा कि हॉर्स ट्रेडिंग का भाजपा का यह ‘ऑपरेशन कमल’ है। जिसे भाजपा पहले मध्यप्रदेश, कर्नाटक, अरुणाचल प्रदेश में भी कर चुकी है। चड्ढा ने कहा कि हम सभी पार्षदों के घर के बाहर सीक्रेट कैमरे लगवा रहे हैं। वहीं, पार्षदों को किए फ़ोन कॉल्स भी रिकॉर्ड किए जाएंगे। इन्हें बाद में सार्वजनिक कर दिया जाएगा।
पहली बार में ही 14 सीटें जीती आप
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव का परिणाम सोमवार को आया था। यहां 35 वार्डों के लिए हुए चुनाव में आप पहली बार चुनाव लड़ी। जिसमें 14 सीटें जीतकर आप सबसे बड़ी पार्टी बनी है। भाजपा को 12 और कांग्रेस को 8 सीटें मिली हैं। इसके बाद चंडीगढ़ चुनाव का पेंच फंस गया है। कोई भी पार्टी मेयर बनाने के लिए ज़रूरी 19 के आंकड़े को नहीं पा सकी।
चड्ढा ने कहा – इसमें केंद्रीय मंत्री भी शामिल
चड्ढा ने कहा कि चंडीगढ़ में हॉर्स ट्रेडिंग की कोशिश में पंजाब चुनाव की ज़िम्मेदारी निभा रहे केंद्रीय मंत्री भी शामिल हैं। चड्ढा ने कहा कि अब हम सब चीज़ें रिकॉर्ड करेंगे और सब सार्वजनिक कर देंगे। चड्ढा ने दावा किया कि भाजपा के नेताओं ने सभी 14 पार्षदों को भाजपा में आने को कहा। वहीं, भाजपा के नेता 3 पार्षदों के घर ही पहुंच गए। चड्ढा ने कहा कि जैसे ही ऑफर मिली तो हम चौकन्ने हो गए हैं। अब एहतियातन सारी सावधानी बरती जा रही है। चंडीगढ़ की जनता का दिया नतीजा भाजपा को चुराने नहीं दिया जाएगा। ज़रूरत पड़ी तो हम कोर्ट भी जाएंगे लेकिन उससे पहले भाजपा को जनता के आगे एक्सपोज़ करेंगे।
हालांकि.. कोई सबूत नहीं दिखा सके चड्ढा
राघव चड्ढा से जब इसका सबूत देने को कहा गया तो उन्होंने कहा कि अब हमने रिकॉर्डिंग ऑन कर ली है। इसके अलावा सीक्रेट कैमरे भी लगवा दिए हैं। जब उनसे पूछा गया कि किन-किन पार्षदों को 50 से 75 लाख की ऑफर की गई तो उन्होंने नाम बताने से भी इन्कार कर दिया।
मेयर हम ही बनाएंगे
राघव चड्ढा ने कहा कि चंडीगढ़ में मेयर हमारा ही बनेगा। नगर निगम में बहुमत के आंकड़े की ज़रूरत नहीं है। जिनके पास ज़्यादा सीटें हैं, मेयर उन्हीं का बनेगा। इस बारे में जल्द ही आप संयोजक अरविंद केजरीवाल से मीटिंग होगी। उसके बाद इस बारे में फ़ैसला लिया जाएगा।