चंडीगढ़, 16 जून (The News Air)
Aam Aadmi Party: पंजाब में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव को नज़दीक आते देख राजनीतिक दलों में दिन प्रति दिन सियासी हलचल तेज़ होती जा रही है। आए दिन पंजाब की राजनीति में समीकरण बन और बिगड़ रहे हैं। आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के नेता भी राज्य में बदलते समीकरणों के हिसाब से कोई न कोई जोड़ तोड़ में लगे हुए हैं। इस बार आम आदमी पार्टी 2017 के विधानसभा चुनाव में की गई बड़ी भूल में सुधार कर मुख्यमंत्री चेहरे के साथ 2022 के चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।
पंजाब में पहली बार 2017 में विधानसभा चुनाव लड़कर आम आदमी पार्टी ने मज़बूत उपस्थिति दर्ज करवाई थी। हालांकि उसका प्रदर्शन पूर्व अनुमान से काफी कम था, मगर वह 20 सीटों पर जीत दर्ज कर दूसरा बड़ा दल बनकर सामने आई थी। पहले चुनाव में ही आम आदमी पार्टी ने जो प्रदर्शन किया, उसके बाद इस बार उससे कहीं बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद आम आदमी पार्टी के नेता लगा रहे हैं। हालांकि पंजाब के अन्य दल भी चुनावी मोड में आ चुके हैं। बसपा और शिअद के गठबंधन के बाद समीकरणों में काफी बदलाव भी आया है।
इन सबके के बीच आम आदमी पार्टी भी अपनी पांच साल पहले की गई बड़ी चूक को सुधारने जा रही है। इस बार पार्टी चुनाव में मुख्यमंत्री के चेहरे के साथ मैदान में उतरेगी। साथ ही तय किया है कि मुख्यमंत्री का चेहरा स्थानीय होगा, बाहर से किसी भी व्यक्ति को मुख्यमंत्री नहीं बनाया जाएगा। हालांकि इस चेहरे का क्या नाम होगा इस पर अभी कोई भी फ़ैसला नहीं लिया गया है। पार्टी के नेता यह पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि राज्य की सभी 117 सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी।
पंजाब में कांग्रेस और बसपा-शिअद गठबंधन पहले ही मुख्यमंत्री के चेहरों की घोषणा कर चुके हैं। कांग्रेस में अंतर्कलह के बाद भी आलाकमान ने 2022 का विधानसभा चुनाव कैप्टन के नेतृत्व में लड़े जाने की घोषणा की है। बसपा-शिअद के नेताओं ने शिअद प्रधान सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व में चुनाव लड़ने का फ़ैसला किया है।
पंजाब के सह-प्रभारी राघव चड्ढा ने इस बात से साफ़ इनकार किया है कि उनकी पार्टी ने किसी एससी वर्ग के नेता को मुख्यमंत्री बनाने की घोषणा की है। हालांकि पार्टी एससी के मुद्दे को भुनाने की कोई कसर नहीं छोड़ रही है। अभी आप के नेता पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप में घोटाले का आरोप लगाकर राज्यभर में भूख हड़ताल और प्रदर्शन कर रहे हैं।
पीएसपीसीएल के सहायक लाइनमैन को रिश्वत लेते हुए पकड़ा
चंडीगढ़ 28 मार्च (The News Air) पंजाब विजीलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान...