The News Air: आम आदमी पार्टी (AAP) ने हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) यूनिट के बड़े नेताओं के भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने के बाद राज्य की कार्य समिति को भंग कर दिया है। आप के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन (Satyendra Jain) ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले हिमाचल प्रदेश में जल्द ही नई कार्यसमिति का गठन किया जाएगा।
बता दें कि हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी के शीर्ष के नेताओं ने हाल ही में बीजेपी का दामन थाम लिया था। इसके बाद हिमाचल प्रदेश में पार्टी के प्रभारी सत्येंद्र जैन ने पार्टी यूनिट को भंग करने का फैसला किया है।
जैन ने ट्विटर पर पार्टी के फैसले की घोषणा करते हुए कहा, ‘हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी की कार्यसमिति भंग कर दी गई है। जल्द ही नई प्रदेश कार्यसमिति का गठन किया जाएगा।’ पिछले शुक्रवार को आप की हिमाचल प्रदेश यूनिट के अध्यक्ष अनूप केसरी, महासचिव (संगठन) सतीश ठाकुर और ऊना जिला प्रमुख इकबाल सिंह बीजेपी में शामिल हो गए थे।
इतना ही नहीं AAP महिला मोर्चा की प्रमुख ममता ठाकुर भी पार्टी के पांच पदाधिकारियों के साथ बीजेपी में शामिल हो गई हैं। इसके अलावा आप महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष सोनिया बिंदल, डीके शर्मा, AAP औद्योगिक विंग के अध्यक्ष और सोशल मीडिया प्रमुख आशीष कुमार भी भगवा पार्टी में शामिल हो गए हैं।
‘हिमाचल में AAP की जमानत जब्त हो जाएगी’
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि उत्तर प्रदेश की तरह ही हिमाचल प्रदेश में भी सभी सीट पर आम आदमी पार्टी की जमानत जब्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी को हिमाचल प्रदेश में आप या कांग्रेस से कोई चुनौती नहीं है।
उन्होंने कहा कि लेकिन पार्टी प्रत्येक चुनाव को गंभीरता से लेगी और पिछले चुनाव परिणामों की तुलना में बेहतर करने का प्रयास करेगी। ठाकुर ने कहा कि आप के कई और नेता बीजेपी में शामिल होने के लिए कतार में हैं। हालांकि, उन्होंने किसी का नाम लेने से परहेज किया।