The News Air- (चंडीगढ़) विधानसभा चुनाव से कुछ दिन पहले पंजाब की सियासत में किसानों ने बड़ा धमाका किया है। दिल्ली बॉर्डर पर कामयाब आंदोलन कर लौटे किसान संगठनों ने चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। राज्य के 32 में से 25 किसान संगठन अब राजनीति में सीधे शामिल होंगे। इसके लिए संयुक्त समाज मोर्चा बनाया गया है। उनकी ओर से BKU राजेवाल के नेता बलबीर सिंह राजेवाल मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे। इससे पहले चंडीगढ़ में मीटिंग हुई। इसके बाद किसानों ने यह घोषणा की।
किसान नेता हरमीत कादियां ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा अलग-अलग सोच वाले लोगों से बना था। पंजाब लौटने पर स्वागत हुआ और लोगों की हमसे उम्मीदें बढ़ गई है। हम पर दबाव था कि अगर आप दिल्ली मोर्चा जीत सकते हो तो पंजाब को भी सुधार सकते हो। जनता की आवाज़ सुनते हुए नया संयुक्त मोर्चा शुरू कर रहे हैं। 22 संगठनों ने फ़ैसला लिया है। 3 संगठन और हमारे साथ जल्द जुड़ जाएंगे।
किसान नेता बलबीर राजेवाल ने कहा कि पंजाब की हालत देखकर लोगों का दबाव है। लोग फ़ोन कर रहे हैं कि चुनाव लड़ने का फ़ैसला करो। यह मोर्चा सभी सभी सीटों पर लड़ेगा। पंजाब के हितैषियों से बातचीत होगी। उन्होंने कहा कि हम पंजाब के गंदे सिस्टम को सुधारेंगे।
आम आदमी पार्टी से हो रही बातचीत
किसान नेताओं की आम आदमी पार्टी से बातचीत चल रही है। इसमें वह गठजोड़ कर चुनाव लड़ना चाहते हैं। यह भी चर्चा है कि राजेवाल और युवा नेता हरमीत कादियां आम आदमी पार्टी से भी चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि, इसको लेकर संयुक्त किसान मोर्चा में मतभेद होने लगा है। चुनाव से दूर किसान नेताओं का कहना है कि किसान संगठन चुनाव लड़ें, लेकिन पंजाब SKM का नाम न लें।