भोपाल 6 अप्रैल (The News Air): कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की एक और सूची जारी की है। कांग्रेस के भीतर चली भारी कशमकश के बाद आखिरकार मध्य प्रदेश के तीन उम्मीदवारों के नाम तय कर दिए गए। ये तीनों उम्मीदवार पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़ने जा रहे हैं। कांग्रेस ने ग्वालियर से प्रवीण पाठक, मुरैना से सत्यपाल सिंह सिकरवार और खंडवा से नरेंद्र पटेल को उम्मीदवार बनाया है। वहीं पार्टी ने उत्तर और दक्षिण गोवा के संसदीय क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों के नामों का एलान किया है।
सूची के अनुसार, रमाकांत खलप उत्तर गोवा से चुनावी मैदान में होंगे। वहीं दक्षिण गोवा से कैप्टन विरिआतो फर्नांडिस चुनाव लड़ेंगे। गोवा से मौजूदा कांग्रेस सांसद फ्रांसिस्को सरदिन्हा को लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची से हटा दिया गया है।
देखें लिस्ट-
बता दें, मध्य प्रदेश में लोकसभा की 29 सीटें हैं। इनमें से 28 सीटें कांग्रेस के खाते में है। एक सीट आपसी समझौते के तहत समाजवादी पार्टी को गई है। कांग्रेस ने अब सभी 28 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम तय कर दिए हैं। तीन सीटों के लिए काफी खींचतान चल रही थी और उम्मीदवारों का फैसला नहीं हो पा रहा था। आखिरकार शनिवार को शेष तीनों उम्मीदवारों के नाम का फैसला हो गया। वहीं समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार का खजुराहो संसदीय क्षेत्र से नामांकन निरस्त हो गया है।








