नई दिल्ली, 28 मार्च (The News Air): दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की आज यानी गुरुवार को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेशी है. केजरीवाल कथित शराब घोटाले मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कस्टडी में हैं. वह 28 मार्च तक ईडी की हिरासत में हैं. केजरीवाल को राहत मिलती है या ईडी की कस्टडी जारी रहती है, कोर्ट इसपर फैसला देगी. स्पेशल जज कावेरी बावेजा की कोर्ट में मुख्यमंत्री की पेशी है. मामले की सुनवाई चल रही है.
Updates….
- अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राघव मंगुटा के इतने बयान हुए 7 में से 6 बयानों में जिक्र नहीं है, लेकिन 7वें बयान में जिक्र आता है. लेकिन पहले के 6 बयान में सामने नहीं आता. ED के दो मकसद थे. एक आम आदमी पार्टी को खत्म करना, आम आदमी पार्टी को भ्रष्टाचारी, चोर बताना और दूसरा उगाही करना. सीएम ने कहा कि शरद रेडी ने गिरफ्तारी के बाद 55 करोड़ रुपए दिए. अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कोई 100 करोड़ का घोटाला हुआ. मैं बताता हूं कि वो क्या घोटाला क्या है. घोटाला ED की जांच के बाद शुरू हुआ. अरविंद केजरीवाल ने कोर्ट में कहा कि हम रिमांड का विरोध नहीं कर रहे हैं. ये जितना दिन चाहे हिरासत में रखें. बॉन्ड की भी जांच होनी चाहिए.
- अरविंद केजरीवाल ने कहा कि एक बयान राघव मंगुटा का है वो मेरे पास जमीन मांगने आए थे तो मैंने कहा कि जमीन LG के अंडर आती है. उनकी गिरफ्तारी के बाद उनसे पूछा गया कि मुझसे मिले? बेटे की गिरफ्तारी से बाप टूट गया और बयान बदल लिए बाद में बेटे की जमानत भी हो गई और वो सरकारी गवाह बन गए यानी मिशन पूरा हुआ.
- अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ईडी अभी तक 31 हजार पेज जमा कर चुकी है. मेरा सिर्फ 4 बयानों में जिक्र आता है. पहला सी अरविंद, वो मनीष सिसोदिया के सेक्रेटरी थे. उन्होंने कहा कि मेरी मौजूदगी में मनीष सिसोदिया को डॉक्यूमेंट्स दिए. मुझे क्या पता कौन क्या दे रहा है. मेरे पास ढेरों विधायक आते हैं. डॉक्यूमेंट्स देते हैं तो क्या ये एक मौजूदा मुख्यमंत्री को गिरफ्तार करने के लिए पर्याप्त है.
- केजरीवाल कोर्ट में बोल रहे हैं. उन्होंने कहा कि मैं ईडी के अधिकारियों को धन्यवाद देना चाहता हूं कि बहुत अच्छे माहौल मैं पूछताछ हुई. ये केस 2 साल से चल रहा है. मुझे गिरफ्तार किया गया है जबकि मुझे किसी कोर्ट में दोषी नहीं ठहराया है.
बता दें कि ईडी ने 21 मार्च को अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया था. 22 मार्च को कोर्ट ने 28 मार्च तक एक लिए अरविंद केजरीवाल को ईडी की हिरासत में भेज दिया था. बुधवार को अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने दावा किया था कि आज कोर्ट में पेशी के दौरान अरविंद केजरीवाल कथित घोटाले से जुड़ा बड़ा खुलासा करेंगे.








