लुधियाना (The News Air): भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि कुछ विदेशी ताकतें साजिशन देश को अस्थिर करने का प्रयास कर रही हैं। ऐसी ताकतों को किसी भी हाल में सफल नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश मजबूत है और उसको कमजोर नहीं किया जा सकता। मोदी के कार्यकाल में देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली है और आर्थिक मोर्चे पर भी देश लगातार आगे बढ़ रहा है। ऐसे में विदेशी ताकतें देश की प्रगति को बर्दाश्त नहीं कर पा रही।
उन्होंने ने कहा कि भाजपा अगले लोकसभा चुनाव में पंजाब की सभी 13 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी, जालंधर एवं संगरूर में मिली हार का मंथन कर पार्टी ने काफी कुछ सुधार किए हैं। मंगलवार को कैलाश वियवर्गीय यहां ट्राईडेंट ग्रुप के चेयरमैन पद्मश्री राजिंदर गुप्ता के निवास पर पहुंचे और गुप्ता की माता माया देवी के निधन पर उनके साथ संवेदना व्यक्त की।
विजयवर्गीय ने देश में कई जगह पर हुई हिंसा पर कहा कि पिछले नौ साल से देश के विकास से विदेशी ताकतें खार खा रही हैं। इस तरह की साजिशों से सख्ती से निपटा जाएगा। विपक्ष के गठबंधन आइएनडीआइए का कोई सकारात्मक एजेंडा नहीं है, उनका एक ही मकसद है कि किसी न किसी तरह भाजपा को हराया जाए, लेकिन वे अपने मिशन में कभी कामयाब नहीं होंगे।
2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव पर की चर्चा उधर भाजपा जिला इकाई के पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय व अंबाला से विधायक असीम गोयल का लुधियाना आगमन पर स्वागत किया।
इनमें भाजपा जिलाध्यक्ष रजनीश धीमान, महासचिव कांतेंदु शर्मा, नरेंद्र सिंह मल्ली, डा. कनिका जिंदल, उपाध्यक्ष डा.निर्मल नय्यर, मनीष लक्की चोपड़ा, सचिव नवल जैन प्रमुख रहे। इसके साथ ही 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों पर विचार विमर्श भी किया गया।
पंजाब में भी भाजपा का आधार बढ़ा
धीमान भाजपा जिलाध्यक्ष रजनीश धीमान ने कहा कि आज पंजाब में भी भाजपा का आधार बढ़ रहा है। आज पंजाब की जनता की पहली पसंद भाजपा ही है। वो देश की सत्ता के साथ पंजाब की सत्ता भी भाजपा को सौंपना चाहते हैं। आज पंजाब का किसान, व्यापारी वर्ग, सभी भाजपा ज्वाइन करने को उतावले हैं। इसके उपरांत राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय व अंबाला से विधायक असीम गोयल भाजपा की जिला महामंत्री डा.कनिका जिंदल के निवास स्थान पर भी गए।






