मोहाली/चंडीगढ़ (The News Air) चंडीगढ़ में शुक्रवार की रात एक लड़के की हत्या हुई। 10 से 12 हमलावरों ने 16 साल के युवक पर चाकुओं से हमला करके उसे मार डाला। मामला मौली जागरां के विकास नगर का बताया जा रहा है। हत्या के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
हमलावर सौरभ पर चाकुओं से वार करके उसे घायल छोड़कर भाग गए। पार्क में घूमने आए एक शख्स ने उसे देखा और परिजनों को बताया। परिजन उसे सेक्टर-32 सरकारी अस्पताल में ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया।
आपसी रंजिश का मामला
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मामला आपसी रंजिश का है। मृतक के घर के पास पार्क में रोजाना कुछ युवक आकर बैठते थे और गाली गलौज किया करते थे, जिसका विरोध सौरभ ने किया था। मृतक की इन युवकों के साथ बहसबाजी और हाथापाई भी हुई, लेकिन उस समय मामला शांत हो गया।
बताया जा रहा है कि हमलावर युवक सौरभ से रंजिश रखने लगे थे। उन्होंने सौरभ से बदला लेने की ठान ली। साजिश के तहत युवक पार्क में आए और कुछ बात करने के बहाने उन्होंने सौरभ को पार्क में बुलाया। जैसे ही सौरभ आया, युवकों ने उससे मारपीट शुरू कर दी और उसके बाद चाकुओं से गोद दिया।
पुलिस गिरफ्त में आरोपी
बता दें कि वारदात के बाद चंडीगढ़ पुलिस के आलाधिकारियों में भी हड़कंप मच गया। चंडीगढ़ पुलिस की SSP कंवरदीप कौर और SP सिटी एंड ऑपरेशन मृदुल ने भी वारदात की जानकारी ली। हमलावरों को जल्द से जल्द पकड़ने के निर्देश जारी किए। इसके बाद मौली जागरां पुलिस ने कुछ युवकों को गिरफ्तार कर लिया, जिनसे पूछताछ जारी है।






