राउत ने आरोप लगाया, ‘‘यह (एकनाथ शिंदे-देवेंद्र फडणवीस शासन) कोई सरकार नहीं है। राज्य को अंडरवर्ल्ड की तरह चलाया जा रहा है, जैसा कभी ठाणे और मुंबई से संचालित होता था। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री अपने-अपने गिरोह चला रहे हैं।” उच्चतम न्यायालय ने बृहस्पतिवार को 14 राजनीतिक दलों द्वारा विपक्ष के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों के मनमाने इस्तेमाल का आरोप लगाने संबंधी याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया था।
इससे जुड़े सवाल पर राउत ने कहा कि शीर्ष अदालत के आदेश के बाद भारतीय जनता पार्टी जिस तरह से जश्न मना रही है, वह उनकी खुशी को प्रदर्शित करता है। उन्होंने दावा किया, ‘‘ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) और सीबीआई का राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ दुरुपयोग किया जा रहा है। भाजपा की ‘वाशिंग मशीन’ में साफ होने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।” ‘‘वॉशिंग मशीन” का संदर्भ अक्सर भाजपा के विरोधियों द्वारा दिया जाता है, जो दावा करते हैं कि केंद्रीय एजेंसियों की जांच का सामना कर रहे विपक्षी दलों के नेता जब भाजपा में शामिल हो जाते हैं, तो उनके खिलाफ या तो जांच रोक दी जाती है या उन्हें क्लीनचिट दे दी जाती है।






