Mukhyamantri Mawaan Dhiyan Satkar Yojana: विश्व महिला दिवस के अवसर पर आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब में महिलाओं को एक हजार रुपए देने का अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान का सबसे बड़ा चुनाव वादा पूरा कर दिया। रविवार को आए बजट में ‘मुख्यमंत्री मांवां धिया सत्कार योजना’ के एलान के साथ ही जहां महिलाओं में खुशी की लहर दौड़ पड़ी, वहीं विपक्ष के हाथ से आखिरी मुद्दा भी छिन गया। योजना के तहत 18 साल से अधिक उम्र की हर महिला को 1000 और दलित महिला को 1500 रुपए प्रतिमाह मिलेंगे। आम आदमी पार्टी ने इसे महिला सशक्तिकरण के लिए भगवंत मान सरकार का बहुत बड़ा कदम बताया है। ‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की पहली सरकार है, जिसने अपने सारे चुनावी वादे पूरे कर दिए हैं।
अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर कहा कि आज विश्व महिला दिवस के अवसर पर पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार ने अपनी सबसे बड़ी गारंटी पूरी कर दी है। आज बजट में हर महिला को हर महीने 1000 रुपए और एससी समाज की हर महिला को 1500 रुपए देने का एलान हो गया है। ये पंजाब के इतिहास में महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण की सबसे बड़ी पहल है। हमने पंजाब की जनता को जो-जो गारंटी दी थी, उसे पूरा किया है और आगे भी ऐसे ही करते रहेंगे। बहुत जल्द हमारी माताओं-बहनों के खातों में यह राशि आना शुरू हो जाएगी। पंजाब की महिला शक्ति को नमन और ढेरों शुभकामनाएं।
वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक्स पर कहा कि मुख्यमंत्री मावां-धियां सत्कार योजना के तहत अब पंजाब की माताओं और बेटियों को हर महीने 1,000 रुपए की सम्मान राशि दी जाएगी। इसके साथ ही अनुसूचित जाति समुदाय की माताओं-बहनों के लिए यह राशि 1,500 रुपए प्रति माह तय की गई है। पंजाब सरकार ने 9,300 करोड़ रुपए के बजट प्रावधान के साथ अपना चुनावी वादा पूरा कर दिया है। जो कहा, वह किया।
भगवंत सिंह मान ने कहा कि मैं उस परमात्मा का कोटि-कोटि धन्यवाद करता हूं, जिसने मेरी कलम को लोक-कल्याणकारी निर्णय लेने की शक्ति प्रदान की है। पंजाब के लोगों का अगाध प्रेम और समर्थन ही मेरी असली ताकत है। पंजाब सरकार का मुख्य उद्देश्य पूरे पंजाब का भला करना और समस्त कौम की खुशहाली सुनिश्चित करना है। आइए, हम सब मिलकर एक खुशहाल और रंगला पंजाब का निर्माण करें।
उधर, वरिष्ठ नेता व पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने कहा कि पंजाब की माताओं-बहनों को यकीन था कि अरविंद केजरीवाल-भगवंत मान जो कहते हैं वो करके दिखाते हैं। आज मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बजट पेश करते हुए अरविंद केजरीवाल की सबसे बड़ी गारंटी को भी पूरा कर दिया, जिसके बारे में विपक्ष हमेशा कहता था ये तो हो ही नहीं सकता। अब पंजाब की महिलाओं के हाथ में हर महीने 1000 से 1500 रुपए तक की सत्कार राशि दी जाएगी। ये सरकारी मदद नहीं है, बल्कि पंजाब की हर महिला का आत्मसम्मान और स्वाभिमान है। जब घर की लक्ष्मी के हाथ में अपनी बचत होती है, तो उसे अपनी खुशियों या परिवार की छोटी-बड़ी ज़रूरतों के लिए किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। ये राशि उन्हें वो आत्मविश्वास देगी जिससे वे पूरे गर्व के साथ अपना घर चला पाएंगी।
मनीष सिसोदिया ने आगे कहा कि यह केजरीवाल की गारंटी है। केजरीवाल जब गारंटी देते हैं, तो उसे पूरा करके दिखाते हैं। पूरी आम आदमी पार्टी उस गारंटी को धरातल पर उतारने के लिए दिन-रात मेहनत करती है, ताकि जनता से किया एक-एक वादा ज़मीन पर सच होकर दिखे। दूसरी तरफ, भाजपा के ‘जुमले’ हैं। मोदी जी गारंटी देते हैं और उनकी ही पार्टी पीछे से कह देती है जनाब, वो तो सिर्फ चुनावी जुमला था। भाजपा को न तो अपनी गारंटी पूरी करने की चिंता है और न ही अपनी साख की। उनकी पूरी पार्टी तो मोदी जी को ही झूठा साबित कर देती है।
वहीं, वरिष्ठ नेता व सांसद संजय सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने वादा किया कि पंजाब में महिलाओं को हर महीने 1000 रुपए मिलेंगे। ‘‘आप’’ की भगवंत मान सरकार ने पूरा करके दिखाया। अब प्रदेश में 18 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को हर महीने 1000 रुपए प्रतिमाह मिलेंगे और अनुसूचित वर्ग की सभी 18 वर्ष से ज्यादा उम्र की महिलाओं को 1,500 प्रति माह सीधे बैंक खातों में दिए जाएंगे। समस्त देशवासियों को महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।













