The News Air- (चंडीगढ़) खेती क़ानून वापस होने के बाद किसान आंदोलन ख़त्म होने की उम्मीदों के बीच भाजपा पंजाब में अपने पुराने जोड़ीदार शिरोमणि अकाली दल को झटके पर झटका दे रही है। शुक्रवार को भाजपा ने शिरोमणि अकाली दल के 3 नेताओं को पार्टी जॉइन करवाई। इनमें जालंधर कैंट से पूर्व अकाली विधायक सरबजीत सिंह मक्कड़ और 2 बार कोऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन रहे अकाली लीडर अवतार सिंह जीरा शामिल रहे। BJP जॉइन करने वाले तीसरे अकाली नेता गुरप्रीत सिंह भट्टी रहे। सुखबीर बादल के क़रीबी कहलाने वाले भट्टी फतेहगढ़ साहिब में तक़रीबन 18 साल यूथ अकाली दल के प्रधान रहे।
शुक्रवार को इन तीनों अकाली नेताओं के अलावा पंजाब के पूर्व डीजीपी एसएस विर्क समेत 21 अन्य लोगों ने भी BJP जॉइन की। दो दिन पहले ही वरिष्ठ अकाली नेता मनजिंदर सिंह सिरसा दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (DSGMC) के प्रधान पद से इस्तीफ़ा देकर भाजपा में शामिल हो गए थे।
टिकट न मिलने से नाराज़ थे मक्कड़
सरबजीत सिंह मक्कड़ कई दिनों से अकाली दल से नाराज़ चल रहे थे क्योंकि पार्टी ने उन्हें इस बार जालंधर कैंट से टिकट नहीं दिया। मक्कड़ जालंधर कैंट विधानसभा सीट पर दावा जता रहे थे मगर अकाली दल ने कांग्रेस में जा चुके अपने ही पूर्व विधायक जगबीर सिंह बराड़ की घर वापसी करवाते हुए उन्हें टिकट दे दिया। इस पर मक्कड़ ने एक प्रोग्राम के दौरान पार्टी प्रधान सुखबीर बादल के सामने सार्वजनिक रूप से अपनी नाराज़गी जताई थी। सुखबीर ने तब मक्कड़ को भरोसा दिया था कि वह उन्हें बड़ी ज़िम्मेदारी देंगे मगर मक्कड़ नहीं माने और भाजपा में चले गए।
अकाली लहर में भी जीत नहीं पाए थे मक्कड़
अकाली दल ने सरबजीत सिंह मक्कड़ का टिकट इसलिए काटा क्योंकि वह अकाली दल की लहर के दौरान भी जालंधर कैंट सीट से जीत नहीं पाए थे। हालांकि हार के बावज़ूद अकाली दल ने पार्टी में मक्कड़ का पूरा सम्मान रखते हुए उन्हें जालंधर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट का चेयरमैन बनाया। मक्कड़ को पेडा और प्लानिंग बोर्ड का चेयरमैन भी बनाया गया। अब भाजपा ने ऐन मौक़े पर मक्कड़ की नाराज़गी का फ़ायदा उठाते हुए उन्हें अपने पाले में कर लिया।
जालंधर कैंट सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान
भाजपा ने शुक्रवार को सरबजीत सिंह मक्कड़ को ऐसे समय में पार्टी जॉइन करवाई जब अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल जालंधर ज़िले के दौरे पर थे। नई दिल्ली में भाजपा के पंजाब चुनाव प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत की मौजूदगी में BJP जॉइन करने के बाद मक्कड़ ने पत्रकारों से बातचीत में स्पष्ट कहा कि वह जालंधर कैंट विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। भाजपा की केंद्रीय लीडरशिप से बैठक के दौरान उनकी पंजाब के कई मुद्दों पर चर्चा हई है। आने वाले दिनों में वह अकाली दल से अपने कई करीबियों को भी भाजपा में लाएंगे।
ये 21 लोग भी अब भाजपा के साथ
पंजाब के पूर्व DGP एसएस विर्क समेत 21 अन्य लोगों ने भी शुक्रवार को नई दिल्ली में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इनमें लुधियाना के उद्योगपति हरचरण सिंह रणौटा व मनविंदर सिंह रणौटा शामिल रहे। रणौटा बेशक लुधियाना से हैं मगर उनका पूरा परिवार क़रीब सौ साल पहले केन्या शिफ़्ट हो गया था। रणौटा के सारे बिजनेस वहीं पर है लेकिन शुक्रवार को भाजपा में शामिल होने के बाद उन्होंने अपनी मिट्टी की सेवा की इच्छा जताई। इनके अलावा अमृतसर साउथ सीट से पूर्व विधायक के पोते अमरजीत सिंह ने भी भाजपा जॉइन की। अमरजीत सिंह रामगढ़िया बिरादरी के प्रमुख नेता हैं। युवा खिलाड़ी मनप्रीत सिंह, बिजनेसमैन रवनीत सिंह मेडी, घनश्याम, परविंदर सिंह, कर्म सिंह रेनू, वज़ीर सिंह, ओंकार सिंह, सुरिंदर, नरेंद्र चोपड़ा ने भी भाजपा की सदस्यता ली।
इनके अलावा ट्रांसपोर्टर सुरिंदर सिंह वर्दी, उद्योगपति हरविंदर सिंह भांबड़, कमलजीत सिंह, करनैल सिंह, बलाचौर के ठेकेदार नरेंद्र कुमार, समाजसेवी जसवंत सिंह, जगरूप सिंह मलौट और रिटायर्ड आरटीओ सेक्रेटरी गुरचरण सिंह ने भी दिल्ली में भाजपा का दामन थामा।