चंडीगढ़, मई 27
पंजाब के जिला तरनतारन में पड़ते पट्टी के नदोहर चौक में पट्टी निवासी अमन फ़ौजी और पूरन की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। इस खूनी खेल में इनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
उधर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार आज सुबह पट्टी के नदोहर चौक पर फायरिंग हुई। गोलीकांड में अमन फौजी व पूरन नामक गैंगस्टर की मौके पर मौत हो गई, जबकि शेरा को गंभीर हालत में अमृतसर के निजी अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया है। मृतक अनमदीप सिंह फौजी, पूरन सिंह और घायल शमशेर शेरा एक ही गिरोह के बताए जाते हैं। गिरोह की दूसरे गैंग के साथ रंजिश चल रही थी।
गुरुवार सुबह नदोहर चौक पर इन पर हमला हुआ, हालांकि जवाबी फायरिंग हुई या नहीं अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। लेकिन फायरिंग में अमन फौजी और पूरन की मौके पर ही मौत हो गई। फायरिंग की सूचना लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर डीएसपी कुलजिंदर सिंह और थाना प्रभारी लखबीर सिंह पहुंचे, जिन्होंने शवों को कब्जे में लिया और घायल को अस्पताल पहुंचाया। केस दर्ज कर लिया गया है।
डीएसपी कुलजिंदर सिंह ने बताया कि घटना के वक्त अमन फौजी और पूरन सिंह अपने तीन साथियों के साथ रोज की तरह दरगाह पर माथा टेकने और सेवा करके लौट रहे थे। इस दौरान सामने से एक स्विफ्ट कार आई और उसमें सवार लोगों ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं। घायल की पहचान दिलबाग सिंह के रूप में हुई है, जिसको हालत गंभीर होने के कारण अमृतसर के गुरु नानक देव हस्पताल में रेफर किया गया है।